चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल (CLP) की एक अहम बैठक आज मंगलवार को आयोजित की जाएगी। यह बैठक नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में दोपहर 3 बजे उनके चंडीगढ़ स्थित आवास पर होगी।
18 तारीख से शुरू होने वाले तीन दिवसीय विधानसभा सत्र से पहले यह कांग्रेस की एक बड़ी रणनीतिक बैठक मानी जा रही है। विधानसभा चुनाव में हार के बाद यह पहला मौका होगा जब कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में सदन में अपनी भूमिका निभाएगी।
बैठक में कांग्रेस विधायक इस बात पर चर्चा करेंगे कि सत्र के दौरान राज्य सरकार को किन-किन मुद्दों पर घेरा जाए। पार्टी सरकार की नीतियों और कार्यशैली को लेकर आक्रामक रुख अपनाने की तैयारी में है।
कांग्रेस की ओर से जिन प्रमुख मुद्दों को सदन में उठाने की रणनीति बनाई जा रही है, उनमें अधिकारियों की लापरवाही से दो बास्केटबॉल खिलाड़ियों की मौत, धान घोटाला, राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, प्रोफेसरों की भर्ती को लेकर चल रहा विवाद और मुआवजा देने में किसानों की संख्या कम किए जाने जैसे विषय शामिल हैं।
कांग्रेस नेताओं का मानना है कि शीतकालीन सत्र जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। पार्टी का उद्देश्य सरकार को जवाबदेह बनाते हुए हरियाणा के लोगों की आवाज को विधानसभा में मजबूती से रखना है।



